
किडनैपिंग रील’ बनाने के बहाने 15 वर्षीय किशोर की हत्या, दो नाबालिग हिरासत में
उमरिया/मानपुर । मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पुलिस ने एक 15 साल के किशोर की हत्या के रहस्य का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, मोबाइल, टेप और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह एक महिला मित्र से बातचीत को लेकर उपजी आपसी रंजिश थी।
बाजार से लौटने के बाद हुआ था लापता
मिली जानकारी के मुताबिक, कटनी जिले के विजयराघवगढ़ का रहने वाला 15 वर्षीय किशोर मानपुर में अपने रिश्तेदारों के घर आया हुआ था। बीती 14 मई की शाम को वह बाजार गया था, लेकिन वहां से लौटने के बाद अचानक लापता हो गया। जब परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क साधने की कोशिश की, तो फोन बंद आ रहा था। अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिजनों ने 16 मई को मानपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके अगले ही दिन, 17 मई को सिगुड़ी के जंगलों में किशोर का शव बरामद हुआ।
‘रील’ शूटिंग के बहाने बुलाया और कर दी हत्या
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल खंगाली। इसके आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि मृतक उसकी एक महिला मित्र से बात करता था, जो उसे पसंद नहीं था। इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने साजिश रची। 14 मई को उन्होंने किशोर को सोशल मीडिया रील और वीडियो बनाने के बहाने जंगल में बुलाया। वहाँ ‘किडनैपिंग सीन’ शूट करने का झांसा देकर पहले उसके हाथ और मुंह को टेप से बांधा और फिर चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की संबंधित धाराएं जोड़ दी हैं। मानपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों नाबालिग आरोपियों को अभिरक्षा में ले लिया है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।










