तीन दिन से लापता किशोर का जंगल में मिला शव, हत्या की आशंका

उमरिया (मानपुर): 18/05/2026

मुख्य बिंदु:

• मानपुर के जंगल में मिला 15 वर्षीय मयंक चौधरी का शव।

• कटनी जिले का रहने वाला था किशोर, रिश्तेदारों के यहाँ आया था घूमने।

• शरीर पर मिले चोट और खून के निशान, पुलिस जांच में जुटी।

पूरी खबर

उमरिया। जिले के मानपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ पिछले तीन दिनों से लापता एक 15 साल के किशोर का शव जंगल में मिला है। शव मिलने के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शरीर की स्थिति को देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है, वहीं पुलिस मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है।

रिश्तेदारों के घर आया था मयंक

जानकारी के मुताबिक, मृतक किशोर की पहचान मयंक चौधरी (उम्र 15 वर्ष) के रूप में हुई है। वह कटनी जिले के लालनगर (कैमोर) का रहने वाला था और कुछ दिन पहले मानपुर में अपने रिश्तेदारों के घर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि 14 मई की शाम करीब 6:30 बजे वह घर से टहलने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, पर कुछ पता नहीं चलने पर मानपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

जंगल में खून से सना मिला शव

लापता किशोर की तलाश के दौरान ग्रामीणों को जंगल में एक शव दिखाई दिया। शव के पास खून के निशान मिलने पर ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब शिनाख्त की, तो वह शव मयंक चौधरी का ही निकला। शव की हालत देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत दो-तीन दिन पहले ही हो चुकी थी।

परिजनों में कोहराम, पुलिस जांच जारी

इस दर्दनाक घटना के बाद से मयंक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।

थाना प्रभारी का बयान:

मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मस्कुले ने बताया कि जंगल से किशोर का शव बरामद कर लिया गया है। शव कुछ दिन पुराना लग रहा है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles