जल जीवन मिशन योजना पर लगा ग्रहण: मानपुर क्षेत्र के ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरसे

मानपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुँचाने के उद्देश्य से शुरू की गई केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘जल जीवन मिशन’ धरातल पर दम तोड़ती नजर आ रही है। मानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में ‘झाल प्रोजेक्ट जल जीवन मिशन योजना’ पूरी तरह से बेपटरी हो चुकी है, जिसके कारण भीषण गर्मी के इस मौसम में ग्रामीणों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

कागजों तक सिमटी योजना

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार द्वारा करोड़ों रुपये खर्च कर गांवों में पाइपलाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन ठेकेदारों और प्रशासनिक लापरवाही के कारण आज भी लोगों के घरों तक नल से जल नहीं पहुँच पा रहा है। मानपुर जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत बचहा में योजना पूरी तरह कागजी साबित हो रही है। स्थानीय निवासी देवेंद्र जयसवाल और अश्विनी मिश्रा सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाए कई साल गुजर गए और टेस्टिंग भी की गई थी, जिससे लोगों में उम्मीद जगी थी। लेकिन आज भी स्थिति जस की तस है और लोग कुआं, तालाब तथा हैंडपंप से दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर हैं।

शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान

यही हाल करीब 12 हजार की आबादी वाले ग्राम चिल्हारी का भी है। चिल्हारी के कई वार्डों, विशेषकर आदिवासी बाहुल्य मोहल्लों (अनुसूचित जनजाति बस्ती), शांति नगर, सुदामा कोल डोगरी टोला आदि में नल से जल की एक बूंद भी नहीं पहुँची है। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (181) पर भी शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन देकर शिकायतें बंद करवा दी जाती हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं हुआ है।

बिजली कटौती और मेंटेनेंस से बढ़ी परेशानी

चिल्हारी, इंदवार, सुखदास, पलझा, चंसुरा और पनपथा सहित अन्य गांवों में भी ठेकेदार और प्रशासन की विफलता साफ देखी जा सकती है। वाटर प्लांटों में लो-वोल्टेज, बिजली की समस्या और मेंटेनेंस के नाम पर हफ़्तों तक पानी की सप्लाई बंद रहती है।

आंदोलन की चेतावनी

भीषण गर्मी में पानी के लिए मीलों भटकने को मजबूर ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पेयजल की सुचारू व्यवस्था नहीं की गई, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन और चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ...


Related Articles