कागज़ों पर विकास, खेत में विनाश!

उमरिया (मानपुर): मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से भ्रष्टाचार का एक ऐसा अजूबा मामला सामने आया है, जिसे देखकर आधुनिक विज्ञान और कानून दोनों हैरान हैं। मानपुर जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कछौहा में विकास के नाम पर जनता के पैसों की जमकर बर्बादी की गई है।

खेत के बीचों-बीच खड़ी कर दी 20 लाख की पुलिया!

आमतौर पर पुलिया या ब्रिज का निर्माण नदी, नाले या किसी रास्ते पर होता है ताकि लोग उसे पार कर सकें। लेकिन कछौहा के सरेंहा टोला में सरपंच और सचिव की जुगलबंदी ने एक नया ही करिश्मा कर दिखाया है। यहाँ बिना किसी नदी, नाले या सड़क के, सीधे किसान राम स्वारित बैगा के हरे-भरे खेत के बीचों-बीच 20 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से एक पुलिया खड़ी कर दी गई है। इस पुलिया के आगे-पीछे न तो कोई रास्ता है और न ही कोई आबादी। यह पुलिया चीख-चीख कर गवाही दे रही है कि इसे जनता की सुविधा के लिए नहीं, बल्कि अपनी तिजोरियां भरने के लिए बनाया गया है।

सरकारी नियमों की उड़ी धज्जियां, SDO ने साधा मौन

नियमों के मुताबिक, किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले वहाँ एक सूचना पटल (Board) लगाना अनिवार्य होता है, जिसमें कुल लागत और निर्माण एजेंसी का नाम लिखा हो। लेकिन यहाँ इस नियम की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं ताकि जनता को इस घोटाले की भनक तक न लगे। जब इस पूरे मामले पर जनपद के एसडीओ (SDO) शैलेंद्र सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन उठाना भी उचित नहीं समझा और ‘मौन व्रत’ धारण कर लिया।

रिटायर होने वाले कर्मचारी पर ठीकरा फोड़ने की तैयारी

सूत्रों की मानें तो इस घोटाले के पीछे एक सोची-समझी पटकथा लिखी गई है। ग्राम पंचायत के सचिव भैयालाल तिवारी कुछ ही महीनों में सेवानिवृत्त (Retire) होने वाले हैं। आरोप है कि सरपंच महोदय अपने सारे काले कारनामे सचिव के खाते में डालकर खुद को गंगा जैसा पवित्र दिखाने की तैयारी में हैं।

कलेक्टर ने कहा- मामला संज्ञान में है, होगी जाँच

इस अजीबोगरीब भ्रष्टाचार का मामला जब उमरिया जिला कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय के सामने लाया गया, तो उन्होंने कहा, “आपके द्वारा मामला संज्ञान में आया है, निश्चित ही इस मामले को गंभीरता से देखते हुए उचित उच्च स्तरीय जाँच कराई जाएगी।”

अब देखना यह होगा कि इस ‘अजूबे घोटाले’ के असली दोषियों पर कब और क्या कार्रवाई होती है।

– JSNN न्यूज़ ब्यूरो, उमरिया।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles