
गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा अंतर्गत जिलेभर के विद्यालयों में प्रेरणा संवाद कार्यक्रम आयोजित, कलेक्टर ने छात्रों को दिए सफलता के मंत्र
📚
गुरु-शिष्य परंपरा का हुआ सम्मान, उत्कृष्ट विद्यार्थियों और शिक्षकों का हुआ अभिनंदन
गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा अंतर्गत जिलेभर के विद्यालयों में प्रेरणा संवाद कार्यक्रम आयोजित, कलेक्टर ने छात्रों को दिए सफलता के मंत्र
उमरिया। 29/07/2026
भारतीय संस्कृति में गुरु को ज्ञान, संस्कार और जीवन मूल्यों का आधार माना गया है। इसी परंपरा को सशक्त बनाने तथा विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और शिक्षा के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शासकीय सांदीपिनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मॉडल, करकेली में गुरु-शिष्य प्रेरणा संवाद कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की अध्यक्षता एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभय सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्ट प्रदर्शन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कुमारी सुरेखा सिंह राठौर को श्रेष्ठ भारत-एक भारत कार्यक्रम तथा कुमारी समीक्षा रजक को प्रेरणा कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ऋषभ साहू, निधि गुप्ता, नेहा यादव, अतुल प्रजापति, प्रवीण बर्मन, अंकिता बाई बैगा, सविता प्रजापति, शाहीन परवीन, कविता प्रजापति एवं आयुषी श्रीवास्तव को उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक रामकिंकर तिवारी एवं जगदेव तिवारी का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने तालियों की गूंज के बीच उनका अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने विद्यार्थियों से जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर सीखने की आदत विकसित करने तथा आधुनिक तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, अनुशासन, परिश्रम और सेवा भावना ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं और इन्हीं मूल्यों के साथ आगे बढ़कर विद्यार्थी समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा गुरु के महत्व, अनुशासन, संस्कार और सफलता के मूल्यों पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। प्रगति सोनी, चाहत साहू, वैष्णवी साहू, अंशिका साहू, रंजीता साहू, लक्ष्मी बर्मन, मीनाक्षी तिवारी, इच्छा कुशवाहा एवं प्रतिज्ञा महोबिया ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती संगीता सिंह, उपसरपंच भैया बहादुर, जिला शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह बड़करे, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक बी.एस. मरावी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जे.आर. मिथलेश, सहायक परियोजना समन्वयक विनीत कुमार के.वी., प्राचार्य लक्ष्मीकांत महोबिया, विद्यालय परिवार, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मीकांत गुप्ता ने किया तथा अंत में जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।










